आंध्र प्रदेश के वेंकटेश्वर मंदिर में भगदड़, 10 की मौत; 25 से ज्यादा घायल
आंध्र प्रदेश के वेंकटेश्वर मंदिर में भगदड़, 10 की मौत; 25 से ज्यादा घायल
श्रीकाकुलम (आंध्र प्रदेश), शनिवार — एकादशी के मौके पर शनिवार को श्रीकाकुलम के काशीबुग्गा वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में बड़ी हादसा हो गया। भारी भीड़ के बीच अचानक भगदड़ मच गई, जिसमें 10 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जिनमें 8 महिलाएं और 2 बच्चे शामिल हैं। वहीं 25 से अधिक लोग घायल हो गए हैं। कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है, इसलिए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
स्थानीय लोगों के अनुसार मंदिर में आने और निकलने का रास्ता एक ही है। एकादशी होने के कारण हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे थे। भीड़ बढ़ने पर धक्का-मुक्की के बीच रेलिंग टूट गई और लोग एक-दूसरे के ऊपर गिरने लगे। इससे सीढ़ियों पर अफरा-तफरी फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि महिलाएं और बच्चे बुरी तरह फंस गए थे। कई लोग जान बचाने के लिए दूसरों के ऊपर चढ़कर बाहर निकलते दिखे। हादसे के बाद मौके पर हाहाकार मच गया। कई लोग बेहोश हो गए, जिन्हें भक्तों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया।
प्रशासन की कार्रवाई
सूचना मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। सरकार ने जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। पुलिस ने मंदिर प्रशासक हरिमुकुंद पांडा के खिलाफ IPC धारा 304 (गैर-इरादतन हत्या) के तहत मामला दर्ज किया है।
भारी भीड़ बनी वजह
राज्य की गृह मंत्री अनीता ने बताया कि आम दिनों में मंदिर में 1500–2000 श्रद्धालु आते हैं, लेकिन आज संख्या कई गुना अधिक थी। स्वास्थ्य मंत्री सत्य प्रकाश ने कहा कि लगभग 25 हजार लोग दर्शन के लिए पहुंचे थे, जबकि मंदिर परिसर की क्षमता इतनी नहीं है।
मंदिर का इतिहास
काशीबुग्गा वेंकटेश्वर मंदिर को इसी साल अगस्त में खोला गया था। 13 एकड़ में फैला यह मंदिर 10 साल में तैयार हुआ है और इसकी डिजाइन तिरुमला मंदिर से प्रेरित है। मंदिर के निर्माण कार्य का कुछ हिस्सा अभी भी जारी बताया जा रहा है।
इसी तरह की हाल की घटनाएं
-
जुलाई 2025: हरिद्वार मनसा देवी मंदिर में भगदड़, 8 मौतें
-
मई 2025: गोवा शिरगांव जात्रा में भगदड़, 7 मौतें
-
जनवरी 2025: तिरुपति में भगदड़, 6 मौतें
धार्मिक स्थलों पर भीड़ प्रबंधन को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
आपकी क्या प्रतिक्रिया है?