अलवर से चल रहा था 5 लाख रुपये की क्रिप्टो ठगी का नेटवर्क, दिल्ली पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार

नवंबर 24, 2026 - 17:30
 0  0
अलवर से चल रहा था 5 लाख रुपये की क्रिप्टो ठगी का नेटवर्क, दिल्ली पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार

अलवर से चल रहा था 5 लाख रुपये की क्रिप्टो ठगी का नेटवर्क, दिल्ली पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार

बिनेंस P2P के जरिए USDT बेचने वाले कारोबारी को बनाया निशाना, फिशिंग लिंक भेजकर क्रिप्टो वॉलेट से उड़ाई रकम; मुख्य आरोपी समेत चार गिरफ्तार

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने करीब 5 लाख रुपये की क्रिप्टोकरेंसी धोखाधड़ी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान के अलवर से संचालित एक कथित साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर एक क्रिप्टोकरेंसी कारोबारी के डिजिटल वॉलेट से 4,985 USDT (करीब 5 लाख रुपये) की रकम अवैध रूप से ट्रांसफर करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, ठगी की पूरी रकम पीड़ित को वापस करा दी गई है।

बिनेंस P2P के जरिए बनाया ठगी का प्लान

पुलिस के मुताबिक, पीड़ित 6 जून को Binance P2P प्लेटफॉर्म पर अपनी क्रिप्टोकरेंसी USDT बेचने के लिए सक्रिय था। इसी दौरान एक व्यक्ति ने संभावित खरीदार बनकर उससे संपर्क किया। शुरुआत में बातचीत क्रिप्टो ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर हुई, लेकिन बाद में आरोपी ने पीड़ित को व्हाट्सऐप पर बातचीत करने के लिए कहा।

खरीदारी का भरोसा दिलाकर आरोपी ने पीड़ित को एक फिशिंग लिंक भेजा। यह लिंक देखने में सामान्य था, लेकिन इसके जरिए पीड़ित के क्रिप्टोकरेंसी वॉलेट तक अनधिकृत पहुंच हासिल करने की कोशिश की गई। इसके बाद पीड़ित के वॉलेट से 4,985 USDT ट्रांसफर कर लिए गए। पीड़ित को जब अपने साथ हुई धोखाधड़ी का पता चला तो उसने साइबर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।

अलवर से संचालित हो रहा था नेटवर्क

दिल्ली पुलिस के साउथ-वेस्ट जिला साइबर सेल ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस टीम ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), इंटरनेट प्रोटोकॉल डिटेल रिकॉर्ड (IPDR) और व्हाट्सऐप नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया। जांच के दौरान इस गिरोह के तार राजस्थान के अलवर से जुड़े मिले। पुलिस के अनुसार, अतुल मीणा नाम का युवक इस नेटवर्क का कथित मुख्य संचालक था।

पुलिस ने अलवर में उसके ठिकाने पर छापा मारा। यहां से 1.62 लाख रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन, एक आईपैड, वाई-फाई राउटर और पांच सिम कार्ड बरामद किए गए। इसके बाद जांच में मिले तकनीकी सुरागों के आधार पर पुलिस जयपुर पहुंची, जहां गिरोह के तीन अन्य सदस्यों जगमोहन मीणा, नरेंद्र कुमार मीणा और मनीष मीणा को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से आठ मोबाइल फोन बरामद हुए। बाद में मुख्य आरोपी अतुल मीणा को दिल्ली के धौलाकुआं इलाके के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।

किराये पर लेते थे अकाउंट, युवाओं को जोड़कर चलाते थे गिरोह

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अलवर के आसपास के गांवों के युवाओं को मुनाफे में हिस्सेदारी का लालच देकर अपने नेटवर्क में शामिल करते थे। ये युवक किराये पर Binance अकाउंट उपलब्ध कराने, सिम कार्ड जुटाने और व्हाट्सऐप तथा इंस्टाग्राम अकाउंट बनाने का काम करते थे।

इसके बाद सोशल मीडिया पर विज्ञापन डालकर USDT बेचने वाले लोगों को तलाशा जाता था। जैसे ही कोई कारोबारी संपर्क करता, उसका व्हाट्सऐप नंबर मुख्य आरोपी अतुल मीणा तक पहुंचा दिया जाता था। अतुल खुद को खरीदार बताकर बातचीत करता और फिशिंग लिंक भेजकर क्रिप्टो वॉलेट से रकम ट्रांसफर कर लेता था।

चारों आरोपियों की पहचान, जांच जारी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अतुल मीणा (21), जगमोहन मीणा (19), नरेंद्र कुमार मीणा (22) और मनीष मीणा (24) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 11 मोबाइल फोन, एक आईपैड, एक वाई-फाई राउटर, छह सिम कार्ड और 1.62 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, पीड़ित की पूरी ठगी गई रकम वापस करा दी गई है। अब पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों, संदिग्ध क्रिप्टो वॉलेट और लेनदेन की जांच कर रही है।

आपकी क्या प्रतिक्रिया है?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow