पाकिस्तानी एयरस्ट्राइक में 3 अफगान क्रिकेटरों की मौत: 14 नागरिक भी मारे गए, अफगानिस्तान ने पाकिस्तान में होने वाली टी-20 सीरीज से नाम वापस लिया

अक्टूबर 18, 2025 - 18:38
अक्टूबर 18, 2025 - 18:59
 0  6
पाकिस्तानी एयरस्ट्राइक में 3 अफगान क्रिकेटरों की मौत: 14 नागरिक भी मारे गए, अफगानिस्तान ने पाकिस्तान में होने वाली टी-20 सीरीज से नाम वापस लिया

पाकिस्तानी एयरस्ट्राइक में 3 अफगान क्रिकेटरों की मौत: 14 नागरिक भी मारे गए, अफगानिस्तान ने पाकिस्तान में होने वाली टी-20 सीरीज से नाम वापस लिया

काबुल/इस्लामाबाद, 18 अक्टूबर:
अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच सीमा पर बढ़ते तनाव ने अब खेल जगत को भी झकझोर दिया है। पाकिस्तान की ओर से की गई ताजा एयरस्ट्राइक में अफगानिस्तान के तीन क्लब क्रिकेटरों सहित 14 नागरिकों की मौत हो गई। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने इसकी पुष्टि की है और इस दुखद घटना के विरोध में नवंबर में पाकिस्तान में होने वाली ट्राई टी-20 सीरीज से हटने का ऐलान किया है।

क्रिकेट मैच खेलकर लौट रहे थे तीनों खिलाड़ी

अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने बताया कि यह हमला पक्तिका प्रांत की राजधानी शराना के पास हुआ, जब तीनों क्रिकेटर — कबीर, सिब्घतुल्लाह और हारून — एक स्थानीय फ्रेंडली मैच खेलकर लौट रहे थे। अचानक हुए एयरस्ट्राइक में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
हमले के कुछ घंटे पहले ही कबीर को अपने गांव के टूर्नामेंट में ‘मैन ऑफ द मैच’ का पुरस्कार मिला था। सोशल मीडिया पर उनकी ट्रॉफी के साथ आखिरी तस्वीर वायरल हो रही है, जिसने पूरे अफगानिस्तान में शोक की लहर फैला दी है।

सीजफायर टूटने के कुछ घंटे बाद हुआ हमला

सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच शुक्रवार शाम 6 बजे 48 घंटे का सीजफायर समाप्त हुआ था, लेकिन इसे बढ़ाने पर दोनों पक्षों में सहमति बन गई थी। इसके बावजूद कुछ ही घंटे बाद पाकिस्तान ने पक्तिका प्रांत के उर्गुन और बर्मल जिलों में एयरस्ट्राइक की। यह क्षेत्र डूरंड लाइन के पास स्थित है, जो दोनों देशों की सीमा मानी जाती है।
इस हमले में 16 लोग घायल हुए हैं और दर्जनों घर तबाह हो गए। अफगान मीडिया ‘टोलो न्यूज’ के अनुसार, बमबारी इतनी तेज थी कि कई परिवार रातभर मलबे में फंसे रहे।

ACB ने टी-20 सीरीज से नाम वापस लिया

इस हमले के बाद अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने घोषणा की कि वह पाकिस्तान में नवंबर में होने वाली ट्राई टी-20 सीरीज में हिस्सा नहीं लेगा। इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान, अफगानिस्तान और श्रीलंका की टीमें खेलनी थीं।
ACB ने कहा कि यह फैसला “मारे गए क्रिकेटरों और निर्दोष नागरिकों की स्मृति में” लिया गया है। यह पहली बार होता जब अफगानिस्तान की टीम पाकिस्तान की सरजमीं पर उसके खिलाफ खेलती।

अफगान क्रिकेटर्स का गुस्सा और दुख

अफगानिस्तान के कप्तान राशिद खान ने सोशल मीडिया पर इस हमले की निंदा करते हुए लिखा,

“अफगानिस्तान पर हुए पाकिस्तानी हवाई हमलों में निर्दोष नागरिकों और उन युवा क्रिकेटरों की मौत बेहद दुखद है, जो अपने देश के लिए खेलने का सपना देखते थे। यह अमानवीय और बर्बर कृत्य है।”

वहीं, टीम के वरिष्ठ खिलाड़ी गुलबदीन नायब ने कहा,

“हमारे साथी क्रिकेटरों और नागरिकों की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी। पाकिस्तान का यह हमला हमारे गर्व और स्वतंत्रता पर वार है, लेकिन यह हमारे हौसले को कभी कमजोर नहीं कर सकता।”

काबुल और अन्य प्रांतों में भी हवाई हमले

तालिबान सरकार ने आरोप लगाया है कि पाकिस्तान ने बुधवार को काबुल पर दो ड्रोन हमले किए, जिनमें एक घर और एक बाजार को निशाना बनाया गया। इस हमले में 5 लोगों की मौत हुई और कई घायल हुए।
हमले में पास का एक स्कूल भी प्रभावित हुआ, जिसमें 500 से अधिक बच्चे पढ़ते हैं। सौभाग्य से हमले के वक्त छात्र घर जा चुके थे, लेकिन इमारत को भारी नुकसान पहुंचा।

स्कूल के अधिकारी मोहम्मद सादिक ने कहा,

“हमारा स्कूल शिक्षा का केंद्र है, कोई सैन्य ठिकाना नहीं। जब बच्चों ने नष्ट हुई क्लासें देखीं, तो उनकी आंखों में आंसू थे।”

संयुक्त राष्ट्र ने दी मौतों की रिपोर्ट

यूएन (UN) के अनुसार, पिछले एक सप्ताह में पाकिस्तानी हमलों में अफगानिस्तान के 6 प्रांतों में 37 नागरिकों की मौत और 425 लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है।

पाकिस्तान का बचाव और नए आरोप

पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने अपने बयान में कहा कि पाकिस्तान केवल “आतंकी ठिकानों” पर कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अफगान तालिबान के फैसले दिल्ली से लिए जा रहे हैं और अफगानिस्तान “भारत के लिए प्रॉक्सी वॉर” लड़ रहा है।

डूरंड लाइन बना तनाव की जड़

दोनों देशों के बीच सीमा विवाद का मुख्य कारण डूरंड लाइन है, जो ब्रिटिश काल में भारत और अफगानिस्तान के बीच खींची गई थी। यह रेखा दोनों तरफ के पठानों की पारंपरिक भूमि को बांटती है, जिसे आज तक कई अफगान स्वीकार नहीं करते।
2021 में तालिबान के अफगानिस्तान पर नियंत्रण के बाद से दोनों देशों के रिश्ते लगातार बिगड़ते जा रहे हैं।

आपकी क्या प्रतिक्रिया है?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow