महाराष्ट्र, झारखंड में तारीखों का ऐलान
महाराष्ट्र में 20 नवंबर को और झारखंड में 2 फेज में 13 और 20 नवंबर को वोट डाले जाएंगे
नई दिल्ली, (एजेंसी)।
चुनाव आयोग ने मंगलवार को दो राज्यों महाराष्ट्र एवं झारखंड विधानसभा के लिए चुनाव कार्यक्रमों की घोषणा की। महाराष्ट्र की 288 सीटों के लिए एक चरण में 20 नवंबर और झारखंड की 81 सीटों के लिए दो चरणों में 13 और 20 नवंबर को मतदान होगा। इसके अलावा आयोग ने 48 विधानसभा और दो लोकसभा सीटों पर उपचुनाव की भी घोषणा की है। सभी के नतीजे 23 नवंबर को आयेंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और सुखबीर सिंह संधू के साथ आज दिल्ली के विज्ञान भवन में पत्रकार वार्ता की। इसमें उन्होंने चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की।
चुनाव आयोग की ओर से जारी मतदान कार्यक्रम के अनुसार महाराष्ट्र
की 288 विधानसभा सीटों के लिए एक चरण में मतदान होगा। 22 अक्टूबर को अधिसूचना जारी की जाएगी और 29 अक्टूबर तक नामांकन किया जा सकता है। नामांकन की जांच 30 अक्टूबर और नामांकन वापसी की अंतिम तिथि 4 नवंबर तय की गई है। बुधवार 20 नवंबर को सभी सीटों पर एक साथ चुनाव होंगे। झारखंड की 43 विधानसभा सीटों के लिए पहले चरण में बुधवार 13 नवंबर और 38
विधानसभा सीटों के लिए दूसरे चरण में बुधवार 20 नवंबर को मतदान होगा।
राजस्थान में सात विधानसभा सीटों पर 13 नवंबर को वोटिंग
जयपुर। भारत निर्वाचन आयोग ने राजस्थान में सात सीटों पर होने वाले विधानसभा उपचुनाव की तारीखों का एलान कर दिया है। चुनाव आयोग के मुताबिक राजस्थान में सात सीटों पर 13 नवंबर को वोटिंग होगी, वहीं 23 नवंबर को परिणाम आएंगे। मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनाव आयोग ने झारखंड और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के साथ राजस्थान में भी उपचुनावों की तारीखों की घोषणा की है। प्रदेश में झुंझुनूं, दौसा, देवली-उनियारा, खींवसर, चौरासी, सलूंबर, रामगढ़ सीटों पर उपचुनाव होंगे। चुनावों की तारीख जारी होते ही इन सात सीटों पर तत्काल प्रभाव से आचार संहिता लागू हो गई है। आचार संहिता लगने के साथ ही इन सीटों पर अब कोई भी उद्घाटन, लोकार्पण और सरकारी योजना की घोषणा नहीं हो सकेगी। राजस्थान में सात सीटों पर उपचुनाव होगा। इन विधानसभा सीटों में से चार सीट कांग्रेस, एक सीट हनुमान बेनीवाल की आरएलपी, एक सीट राजकुमार रोत (बाप) की थी। वहीं एक सीट पर भाजपा जीती थी।
कांग्रेस ने वायनाड से प्रियंका को टिकट दिया
नई दिल्ली। केरल की वायनाड लोकसभा सीट से कांग्रेस ने पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को टिकट दिया है। यह प्रियंका गांधी का पहला लोकसभा चुनाव होगा। चुनाव आयोग ने 15 अक्टूबर की दोपहर को 13 राज्यों की 47 विधानसभा और लोकसभा की 2 सीटों पर उपचुनाव की घोषणा की थी। इनमें केरल की वायनाड और महाराष्ट्र की नांदेड़
लोकसभा सीट शामिल हैं। लोकसभा चुनाव 2024 में राहुल गांधी ने वायनाड और यूपी की रायबरेली लोकसभा सीट से जीत हासिल की थी। उन्होंने गांधी परिवार की पारंपरिक रायबरेली सीट को चुना था और वायनाड छोड़ी थी। केरल की दो विधानसभा सीटों पर भी उपचुनाव है। पार्टी ने दोनों सीटों पर भी उम्मीदवार का ऐलान कर दिया है।