कोटा का भगवान मथुराधीशजी मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि शहर की सांस्कृतिक पहचान, ऐतिहासिक विरासत और सामूहिक आस्था का केंद्र है। पुष्टिमार्गीय परंपरा की प्रथम पीठ के रूप में इसकी महत्ता वही है, जो नाथद्वारा में श्रीनाथजी और जयपुर में गोविंद देवजी की है। कोटा के हजारों श्रद्धालुओं के लिए दिन की शुरुआत भगवान मथुराधीशजी के दर्शन से होती है। ऐसे में इस मंदिर से जुड़ी किसी भी योजना का सफल होना तभी संभव है, जब उसमें भक्तों की भावनाओं और परंपराओं का पूरा सम्मान हो।
घोषणाएँ बहुत, ज़मीन पर कुछ नहीं
पिछले एक वर्ष से भगवान मथुराधीशजी कॉरिडोर को लेकर राजनीतिक बयानबाज़ी और प्रशासनिक गतिविधियाँ तेज़ रहीं। अख़बारों में फोटो-सेशन, स्थल भ्रमण और बड़ी घोषणाएँ तो हुईं, लेकिन हकीकत यह है कि अब तक ज़मीन पर एक भी ईंट नहीं रखी गई। यह स्थिति ‘कुड़ली में गुड़ फोड़ना’ जैसी प्रतीत होती है। श्रद्धालुओं की सुविधा और क्षेत्र के विकास के नाम पर शुरू की गई यह पहल अब जनप्रतिनिधियों के लिए राजनीतिक विमर्श का माध्यम बनती दिख रही है।
संवाद की अनदेखी बनी सबसे बड़ी चूक
मथुराधीशजी मंदिर की परंपरा केवल प्रशासनिक ढाँचे से नहीं, बल्कि पुष्टिमार्गीय संप्रदाय की शास्त्रीय मर्यादाओं से संचालित होती है। मंदिर से जुड़े सभी धार्मिक निर्णय संप्रदाय प्रमुख गोस्वामी मिलन बाबा और उनके कुल की परंपरा के अनुसार होते हैं। ऐसे में हैरानी की बात यह है कि करोड़ों वैष्णवों की आस्था से जुड़े इस महत्वपूर्ण कॉरिडोर निर्णय पर गोस्वामी मिलन बाबा से कोई औपचारिक संवाद तक नहीं किया गया, न ही उन्हें इसकी स्पष्ट जानकारी दी गई।
धार्मिक परंपराओं से जुड़े मामलों में बिना संवाद के हस्तक्षेप न केवल मर्यादा के विरुद्ध है, बल्कि भविष्य में बड़े विवाद का कारण भी बन सकता है। मथुराधीशजी मंदिर में विग्रह की तस्वीरों का सार्वजनिक प्रदर्शन निषिद्ध है, बाजारों में मूर्तियाँ उपलब्ध नहीं हैं और भोर से लेकर शयन आरती तक की सेवाएँ कठोर अनुशासन में होती हैं। इन परंपराओं की अनदेखी कर विकास की बात करना श्रद्धा के साथ खिलवाड़ माना जा रहा है।
वैष्णव संप्रदाय में असमंजस
वैष्णव संप्रदाय के करोड़ों भक्त इस पूरे घटनाक्रम से हैरान हैं। उनका सवाल सीधा है कि जब यह विषय सीधे धर्म और आस्था से जुड़ा है, तो संप्रदाय के मुखिया से बिना चर्चा के इतना बड़ा निर्णय कैसे लिया जा सकता है? भक्तों का मानना है कि विकास आवश्यक है, लेकिन वह आस्था के सम्मान के साथ ही होना चाहिए।
विकास ज़रूरी, लेकिन मर्यादा के साथ
यह निर्विवाद सत्य है कि पाटनपोल क्षेत्र अब संकरा, अत्यधिक भीड़भाड़ वाला और यातायात की दृष्टि से जटिल हो चुका है। श्रद्धालुओं के लिए सुव्यवस्थित मार्ग, पार्किंग और बेहतर व्यवस्थाओं की आवश्यकता है। लेकिन समाधान का रास्ता राजनीतिक जल्दबाज़ी नहीं, बल्कि धार्मिक नेतृत्व के साथ खुला संवाद और परंपराओं की गहरी समझ है।
मंदिर भवन नहीं, भावना है
संवत् 1801 की वह ऐतिहासिक कथा आज भी कोटा की आत्मा में बसती है, जब भगवान मथुराधीशजी का रथ रथ राय द्वारकादासजी की हवेली के सामने रुक गया था और उनके घर अर्पण के संकल्प के बाद ही आगे बढ़ा। यह केवल इतिहास नहीं, बल्कि कोटा की सांस्कृतिक चेतना का आधार है।
राजनीतिक प्रयोग न बने आस्था
कोटा के जनप्रतिनिधियों और प्रशासन को यह समझना होगा कि विकास की योजनाएँ तभी सार्थक होंगी, जब वे आस्था के साथ कदम मिलाकर चलें। कॉरिडोर बने — अवश्य बने — लेकिन उसे राजनीति की प्रयोगशाला न बनाया जाए। यह मंदिर करोड़ों वैष्णवों की आत्मा में बसता है; इसे अधूरी योजनाओं और खोखली घोषणाओं के बोझ तले दबने से बचाना ही सच्चा विकास होगा।